प्रबंधक ने जताई साजिश की आशंका
जहानगंज। रानी अवंती बाई इंटर कॉलेज छछोनापुर के प्रबंधक अनीश राजपूत ने विद्यालय भवन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विद्यालय की बिल्डिंग ठीक स्थिति में है, लेकिन भवन की नींव के बिल्कुल किनारे पकड़िया, शीशम, पीपल समेत कई पेड़ लगा दिए गए हैं। पेड़ दिन-प्रतिदिन बड़े हो रहे हैं और उनकी जड़ें फैलने से भवन को नुकसान पहुंचना शुरू हो गया है।
प्रबंधक के अनुसार पेड़ों की जड़ों का फैलाव विद्यालय भवन की नींव और आसपास के हिस्से को प्रभावित कर रहा है। उनका आरोप है कि भवन के इतने करीब जानबूझकर पेड़ लगाए जाने से भविष्य में इमारत को गंभीर नुकसान हो सकता है। उन्होंने संबंधित व्यक्ति से पेड़ हटाने या उचित दूरी पर लगाने को कहा तो कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।
अनीश राजपूत ने अधिकारियों से मामले की तत्काल जांच कराकर पेड़ों की जड़ों से हो रहे नुकसान का निरीक्षण कराने, भवन को सुरक्षित कराने और धमकी के आरोपों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं, इसलिए भवन की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।


