गरीब छात्रों को शिक्षा ऋण नहीं मिलने का दावा, एक्स पर पोस्ट कर सरकार पर साधा निशाना
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बैंकिंग व्यवस्था और शिक्षा ऋण को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वेतन पाने वाला व्यक्ति यदि एक ईएमआई नहीं चुका पाता है तो उसके घर बैंक के लोग पहुंच जाते हैं, जबकि गरीब छात्रों को शिक्षा के लिए ऋण तक नहीं मिलता।
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “सैलरी पाने वाला व्यक्ति अगर एक ईएमआई नहीं भर पाए तो उसके घर बैंक के गुंडे पहुंच जाते हैं। गरीब छात्रों को तो शिक्षा के लिए लोन तक नहीं मिलता।”
उन्होंने इस टिप्पणी के जरिए आम लोगों और गरीब विद्यार्थियों के सामने आने वाली आर्थिक परेशानियों को उठाते हुए बैंकिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। राहुल गांधी का कहना है कि शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को पर्याप्त वित्तीय सहायता मिलनी चाहिए।
राहुल गांधी के इस बयान के बाद शिक्षा ऋण, बैंकों की वसूली प्रक्रिया और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए मिलने वाली वित्तीय सहायता को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने के आसार हैं।


