ग्लेशियर टूटने की सूचना से दहशत, नेपाली पुलिस की अपील—सुरक्षित स्थानों पर जाएं
काठमांडू। नेपाल में एक बार फिर कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। तिब्बत की ओर ग्लेशियर टूटने की खबरों के बीच सीमा क्षेत्र से पानी का तेज बहाव नेपाल की तरफ आने की सूचना है। स्थिति को देखते हुए नेपाली पुलिस ने लोगों के लिए अलर्ट जारी कर उन्हें सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
बताया जा रहा है कि तिब्बत की ओर से एक बार फिर पानी का बहाव दिखाई दिया है। इसके बाद नेपाल के सीमावर्ती और निचले इलाकों में प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। लोगों से नदी-नालों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने को कहा गया है।
बाढ़ के खतरे को देखते हुए नेपाली सेना ने कुछ इलाकों में रेस्क्यू अभियान भी रोक दिया है। अधिकारियों को आशंका है कि अचानक पानी बढ़ने से राहत और बचाव दल के लिए खतरा पैदा हो सकता है।
नेपाल पुलिस की ओर से जारी चेतावनी में स्थानीय लोगों से किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेने और प्रशासन द्वारा बताए गए सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।
सीमा क्षेत्र में पानी के बहाव की स्थिति पर नेपाली प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां नजर बनाए हुए हैं। अचानक ग्लेशियर टूटने या हिमनदीय झील से पानी निकलने की स्थिति में अचानक बाढ़ (ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड) का खतरा बढ़ सकता है।
नेपाल में पहले से ही भारी बारिश और बाढ़ के कारण कई इलाकों में मुश्किलें बनी हुई हैं। ऐसे में तिब्बत की ओर से पानी के नए बहाव की खबर ने स्थानीय प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।


