सेवा-सुरक्षा का लिया संकल्प
कायमगंज। रक्षाबंधन पर्व पर विश्व हिंदू परिषद मातृ शक्ति और दुर्गा वाहिनी की कायमगंज प्रखंड इकाई की ओर से सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़ा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने सरकारी अस्पताल, पुलिस चौकी और कचहरी पहुंचकर चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, पुलिसकर्मियों और अधिवक्ताओं को राखी बांधी। इस दौरान समाज और देश की सेवा का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कायमगंज के सरकारी अस्पताल से हुई। मातृ शक्ति की जिला सह संयोजिका प्रगति तिवारी और दुर्गा वाहिनी की सदस्यों समीक्षा, आकांक्षा, मुस्कान, खुशबू व आयुषी ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. विपिन सिंह को राखी बांधी। इसके अलावा महिला चिकित्सक डॉ. मधु अग्रवाल, डॉ. अम्बरीष, बीपीएम मोहित गंगवार, विनय मिश्रा, सहायक कर्मचारी मुस्कान आर्य, अखिलेश कुमार समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को भी राखी बांधी गई।
इस दौरान मरीजों की कलाई पर भी राखी बांधी गई और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। कार्यकर्ताओं ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से जरूरतमंदों तथा वंचित वर्ग की सेवा के साथ समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।
इसके बाद टीम कायमगंज कस्बा पुलिस चौकी पहुंची। यहां आरक्षी विजय कुमार, आशीष मिश्रा, सचिन कुमार, आशीष यादव समेत अन्य पुलिसकर्मियों को राखी बांधी गई। बहनों ने पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान जताते हुए उनसे समाज और देश की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ कर्तव्य निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अगले चरण में टीम सदस्य प्रिंस भारद्वाज के साथ कायमगंज कचहरी पहुंची। यहां अधिवक्ताओं को राखी बांधकर जरूरतमंद और पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने में सहयोग का संकल्प लिया गया। इस मौके पर अधिवक्ता शिवांश तिवारी, मुकेश, बृजेश कुमार, ब्रजेश राजपूत, प्रदीप, आकाश यादव, रत्नेश दीक्षित और नितिन चतुर्वेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बजरंग दल के जिला सुरक्षा प्रमुख आकाश और विश्व हिंदू परिषद के जिला गौरक्षा प्रमुख नूतन भी उपस्थित रहे। आयोजकों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सुरक्षा, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है।


