फर्रुखाबाद। शाहजहांपुर जनपद के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह इटावा-बरेली हाईवे पर कांवड़ यात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। जल लेकर लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से अचानक गिरने के बाद 16 वर्षीय किशोरी दूसरी गाड़ी की चपेट में आ गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। साथी कांवड़िए उसे इलाज के लिए फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हरदोई जनपद के मैकूपुर गांव निवासी सोमदेव द्विवेदी अपने परिवार और गांव के अन्य लोगों के साथ कांवड़ भरने के लिए फर्रुखाबाद के पांचाल घाट आए थे। इसके बाद सभी लोग तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर शाहजहांपुर स्थित एक मंदिर में जल चढ़ाने के लिए रवाना हुए थे। बुधवार सुबह जल चढ़ाकर सभी लोग वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के इमलिया गांव के पास बीच वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सोमदेव की 16 वर्षीय बेटी पल्लवी अचानक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। वह संभल पाती, इससे पहले ही पीछे से आ रही चार पहिया गाड़ी उसके ऊपर से निकल गई। हादसे में पल्लवी गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद साथी कांवड़ियों में चीख-पुकार मच गई।
साथी कांवड़ियों ने आनन-फानन में पल्लवी को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन और साथी उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पल्लवी चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। वह कक्षा 11 में पढ़ाई कर रही थी। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


