फर्रुखाबाद। शमसाबाद थाना क्षेत्र में दिल्ली मुख्य मार्ग पर दलेलगंज गांव के पास मंगलवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवारों समेत तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार बेहटा बल्लू गांव निवासी प्रिंस और मिथुन बाइक से फर्रुखाबाद की ओर जा रहे थे। दलेलगंज गांव के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर कायमगंज क्षेत्र के लालपुर गांव निवासी तुलसी सवार था। दोनों बाइकों की भिड़ंत के बाद प्रिंस, मिथुन और तुलसी सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अलीम अंसारी ने प्रिंस और तुलसी का प्राथमिक उपचार किया। वहीं मिथुन की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
दुर्घटना के बाद दिल्ली मुख्य मार्ग पर काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। इससे सड़क पर आवागमन भी प्रभावित हुआ। बाद में लोगों के हटने के बाद यातायात सामान्य हो सका। हादसे की सूचना पर पुलिस ने भी मामले की जानकारी ली।


