बोकारो: बोकारो स्टील प्लांट (Bokaro Steel Plant) के ब्लास्ट फर्नेस नंबर-1 के स्लैग ग्रेनुलेशन सेक्शन (Slag granulation section) में गुरुवार सुबह आग लगने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। स्लैग ले जाने वाले K-21 और K-22 कन्वेयर बेल्ट में अचानक आग लग गई, जिससे दोनों बेल्ट क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही प्लांट की फायर विंग टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि गर्म स्लैग के संपर्क में आने के बाद कन्वेयर बेल्ट में आग लगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। घटना में हुए नुकसान का भी अभी आकलन नहीं किया जा सका है। कन्वेयर बेल्ट के क्षतिग्रस्त होने के बाद उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका जताई गई थी, क्योंकि इसी बेल्ट के जरिए स्लैग को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाता है, जहां से इसे रोलिंग मिल तक पहुंचाया जाता है।
वहीं, बोकारो स्टील प्लांट के संचार प्रमुख मणिकांत धान ने बताया कि आग K-21 और K-22 कन्वेयर बेल्ट में लगी थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्लांट की मुख्य इकाइयों के संचालन पर घटना का कोई प्रभाव नहीं पड़ा है और उत्पादन सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने बताया कि संबंधित कन्वेयर बेल्ट ब्लास्ट फर्नेस के बाहर स्थित है, इसलिए आग का ब्लास्ट फर्नेस के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा। क्षतिग्रस्त कन्वेयर बेल्ट को जल्द ही रिप्लेस किया जाएगा।फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और घटना के कारणों तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


