फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम इटावा-बरेली हाईवे पर गांव मराहला के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में मृतक के दो चचेरे भाई भी शामिल हैं।
अमृतपुर क्षेत्र के गांव मंझा की मड़ैया निवासी संजीव उर्फ सत्यदेव (45) अपने चचेरे भाई संतोष (35) और जनवेश (30) के साथ मैनपुरी जनपद के पितौरा गांव गए थे। वहां उन्होंने अपनी बुआ उर्मिला के घर श्रावणी का कार्यक्रम किया। इसके बाद तीनों बाइक से देर शाम वापस अपने गांव लौट रहे थे।
शाम करीब सात बजे मराहला गांव के पास इटावा-बरेली हाईवे पर सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद पहुंचाया। यहां चिकित्सक डॉ. सनी मिश्रा ने संजीव उर्फ सत्यदेव को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घायल संतोष की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। जनवेश का भी सीएचसी में उपचार कराया गया। दूसरी बाइक पर सवार कानपुर निवासी शैलेंद्र भी हादसे में घायल हुआ है। वह खिमसेपुर स्थित बीयर फैक्टरी में काम करता है और मदनपुर स्थित एक होटल से खाना खाने जा रहा था। उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक हादसे में शामिल तीनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है।


