रामनगर बाराबंकी। रामनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़नपुर स्थित डिपो पुरवा के किनारे शिमली चौका नदी में शुक्रवार को एक ग्रामीण का शव उतराता हुआ मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना देखते ही देखते पूरे गांव में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकालकर नाव में रखा गया। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई सूचना मिलने पर पहुंची रामनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान चेतराम गौतम पुत्र छोटेलाल गौतम, उम्र करीब 55 वर्ष, निवासी पिन्नापुर थाना रामनगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चेतराम गौतम पिछले चार दिनों से घर से गायब थे। परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को तहरीर देकर तलाश कराने की मांग की थी।मृतक के भतीजे ने बताया कि आज उनके चाचा का शव नदी में उतराता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी गई और रामनगर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया।चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चेतराम की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी पता नहीं चल सका है।पुलिस मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। चार दिन से लापता चेतराम का शव नदी में मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
चार दिन से लापता ग्रामीण का शव नदी में मिला, इलाके में मचा हड़कंप


