मथुरा। वृंदावन के रुक्मणी विहार इलाके में शुक्रवार सुबह निर्माणाधीन वृंदावन कोर्टयार्ड मॉल में शटरिंग और छत की ढलाई का सामान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मलबे में दबकर तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर घायल है। हादसे के समय करीब चार-पांच मजदूर नाइट शिफ्ट में काम कर रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मलबा हटाया गया। नेपाल के कैलाली निवासी शिवराम (40) की मौके पर ही मौत हो गई। तीन घायल मजदूरों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान पश्चिम बंगाल के कूच बिहार निवासी रफीउल (40) और आलम (42) ने दम तोड़ दिया। बंगाल निवासी दिलबार (42) का इलाज चल रहा है।
एसपी सिटी राजीव कुमार के मुताबिक, मॉल की दूसरी मंजिल पर छत और छज्जे की ढलाई का काम चल रहा था। इसी दौरान शटरिंग और ढलाई का सामान गिरने से मजदूर मलबे में दब गए। जिलाधिकारी और एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और हादसे के कारणों की जांच शुरू कराई है।
मृतक शिवराम की भतीजी मनीषा ने आरोप लगाया कि मॉल में करीब तीन साल से निर्माण कार्य चल रहा है। शिवराम कुछ दिन पहले ही काम पर आए थे। परिजनों ने हादसे की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। साथी मजदूरों ने निर्माण कंपनी पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए मृतकों के परिवारों को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है।
मॉल प्रबंधक आरके जैन ने बताया कि रोज करीब 50 मजदूर काम करते हैं, लेकिन हादसे के समय चार-पांच मजदूर ही मौके पर थे। हादसा छज्जा बनाते समय हुआ। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और मृतकों के परिजनों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


