– मुख्य सचिव ने अधिकारियों को दिए निर्देश
लखनऊ। सरकारी विद्यालयों में साफ-सफाई और विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने को लेकर शासन ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों और मंडलायुक्तों को बेसिक तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि विद्यालय परिसरों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए। विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल, उपयोग योग्य शौचालय, पर्याप्त बिजली और हाथ धोने की उचित व्यवस्था हर विद्यालय में उपलब्ध होनी चाहिए। इन मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
विद्यालयों में बच्चों के लिए सुरक्षित माहौल बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि विद्यालयों से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर उसका तत्काल संज्ञान लेकर जांच कराई जाए और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारियों और मंडलायुक्तों को अपने-अपने क्षेत्रों में विद्यालयों की व्यवस्थाओं की निगरानी करने तथा जरूरत के अनुसार मौके पर निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। शासन का उद्देश्य विद्यालयों में केवल पठन-पाठन ही नहीं, बल्कि बच्चों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करना है।
मुख्य सचिव के निर्देशों के बाद अब जिला एवं मंडल स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारी बढ़ गई है। विद्यालयों में पानी, शौचालय, बिजली, साफ-सफाई और हाथ धोने जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता की नियमित समीक्षा की जाएगी।


