– स्कूलों की व्यवस्थाओं को लेकर जारी किए सख्त निर्देश
फर्रुखाबाद। प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी विद्यालयों में साफ-सफाई, सुरक्षित वातावरण और बच्चों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश जारी होते ही जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने तत्परता दिखाते हुए जनपद के संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी कर दिए। डीएम ने कहा कि बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, उपयोग योग्य शौचालय, बिजली, हाथ धोने की समुचित व्यवस्था तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए। विद्यालय परिसर का वातावरण बच्चों के लिए सुरक्षित और अनुकूल होना चाहिए।
डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों से प्राप्त किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उसका तत्काल मौके पर पहुंचकर सत्यापन व जांच कराई जाए। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को विद्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए हैं।
जिलाधिकारी की इस त्वरित कार्रवाई से जनपद में सरकारी विद्यालयों की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक सक्रियता बढ़ गई है। शासन की मंशा के अनुरूप बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक विद्यालयी वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है।


