32 C
Lucknow
Thursday, August 20, 2026

कन्नौज में कंपोजिट विद्यालय के खिलाफ बच्चों का प्रदर्शन, बीएसए के आश्वासन पर दोबारा शुरू हुई पढ़ाई

Must read

 

कन्नौज। गुगरापुर स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय में इंचार्ज प्रधानाचार्य के खिलाफ गुरुवार सुबह छात्र-छात्राओं ने कक्षाओं का बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक भी शामिल हुए। छात्रों ने इंचार्ज प्रधानाचार्य पर हरे पेड़ कटवाने और विद्यालय में जातिवाद को बढ़ावा देने समेत कई आरोप लगाए।

प्रदर्शन के दौरान विद्यालय से बाहर जा रहे प्रधानाचार्य की गाड़ी को छात्रों ने विद्यालय गेट पर घेर लिया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मामले की जानकारी मिलते ही गुरसहायगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छात्रों और अभिभावकों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली और उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं। बीएसए ने मामले की जांच कराने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद छात्रों को शांत कराया गया और विद्यालय में दोबारा कक्षाएं शुरू कराई गईं। बीएसए ने बताया कि छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से बातचीत के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गुगरापुर के इस कंपोजिट विद्यालय में करीब 500 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। अचानक हुए प्रदर्शन के चलते विद्यालय में कुछ समय के लिए पठन-पाठन प्रभावित रहा। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई और पढ़ाई फिर शुरू करा दी गई।
विद्यालय में लगाए गए आरोपों की पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी। प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article