फर्रुखाबाद। थाना समाधान दिवस के अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने थाना कादरीगेट में पहुंचकर फरियादियों की समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों में स्थलीय जांच की आवश्यकता है, उनमें संबंधित अधिकारी पुलिस एवं राजस्व टीम के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण करें और निष्पक्ष तरीके से समस्या का समाधान कराएं।
अपर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ितों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों और थानों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों की वास्तविक स्थिति का पता लगाकर मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
थाना समाधान दिवस के बाद अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने थाना कादरीगेट का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, साइबर हेल्प डेस्क, अपराध बुक, मिशन शक्ति केंद्र तथा अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की और अभिलेखों के रखरखाव सहित आवश्यक बिंदुओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि थाने की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जाए। अभिलेखों का रखरखाव नियमानुसार किया जाए तथा साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए। साथ ही मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा और उनकी शिकायतों के निस्तारण से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक के इस निरीक्षण का उद्देश्य थाना स्तर पर पुलिस व्यवस्था, शिकायत निस्तारण और अभिलेखों की स्थिति की समीक्षा करना रहा। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करते हुए पुलिस कार्यप्रणाली को व्यवस्थित और जवाबदेह बनाए रखें।
थाना समाधान दिवस में एएसपी गिरीश कुमार ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, कादरीगेट थाने का किया आकस्मिक निरीक्षण


