फर्रुखाबाद। कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के नवदिया गांव में अज्ञात कारणों के चलते एक युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बताया गया कि नवदिया निवासी आलोक दुबे पुत्र अवधेश ने सोमवार को अपने घर पर किसी बात से क्षुब्ध होकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ समय बाद उसकी हालत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। युवक की हालत गंभीर देखकर परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने आलोक का परीक्षण किया, लेकिन तब तक उसकी हालत अत्यधिक गंभीर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
परिजन युवक द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन किए जाने के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं कर सके। घटना को लेकर आसपास के लोगों में भी चर्चा रही। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू की। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जहरीले पदार्थ का सेवन करने से युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम


