राहगीरों की आवाजाही बंद, ओवरलोड नाव से जान जोखिम में
बाइक और साइकिल सवार पहले भी बहाव में फंसे, प्रशासन से सुरक्षा की मांग
संवाददाता अमृतपुर
अमृतपुर फर्रूखाबाद थाना क्षेत्र के गांव अमैयापुर के पास राजपुर-गुंडेरा संपर्क मार्ग की पुलिया पर रामगंगा नदी की बाढ़ का पानी करीब दो फीट ऊपर बह रहा है। तेज बहाव के चलते पुलिस ने पुलिया से राहगीरों की आवाजाही बंद कर दी है। अब ग्रामीणों और राहगीरों के आवागमन के लिए मात्र एक नाव का सहारा रह गया है। आरोप है कि नाव पर क्षमता से अधिक लोगों के साथ साइकिल और मोटरसाइकिल भी लादकर नदी पार कराई जा रही हैं।
बताया गया कि बीते दिनों ओवरलोड नाव नदी के तेज बहाव में डूबते-डूबते बची थी। इससे पहले छपरा निवासी एक बाइक सवार और अमैयापुर निवासी एक साइकिल सवार भी पानी के तेज बहाव में असंतुलित होकर गहरे पानी की ओर चले गए थे। घटनाओं के बाद पुलिस ने पुलिया से आवागमन पूरी तरह रोक दिया और नाव के जरिए लोगों को निकालने की व्यवस्था शुरू कराई।ग्रामीणों के मुताबिक पुलिया पर पीडब्ल्यूडी की ओर से लगाए गए चेतावनी संकेत भी तेज बहाव में बहकर नदी में समा गए। इसके बाद राहगीरों के लिए खतरा और बढ़ गया है। नाव चालक का कहना है कि कई लोग जबरन नाव पर अधिक संख्या में सवार हो जाते हैं। नाव में साइकिल और मोटरसाइकिल भी चढ़ा दी जाती हैं, जिससे नाव का संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है।ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया पर पानी का तेज बहाव होने के बावजूद लोगों को जरूरी काम के लिए नाव से नदी पार करनी पड़ रही है। ऐसे में ओवरलोड नाव संचालन किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नाव पर क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को बैठाने और पुलिया व नाव की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।इस संबंध में उपजिलाधिकारी श्वेता साहू से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।


