लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय रहने के कारण अगले 24 घंटे मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के 32 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें लखनऊ, कानपुर समेत कई जिले शामिल हैं। लोगों को तेज बारिश और जलभराव को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बीते घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। लखीमपुर खीरी के निघासन में 192.4 मिलीमीटर, हमीरपुर के राठ में 158 मिलीमीटर और लखनऊ के अलीगंज में करीब 100 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
बारिश के बीच नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। एल्गिन ब्रिज पर घाघरा नदी का जलस्तर 106.250 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से करीब 18 सेंटीमीटर ऊपर बताया गया है। इससे नदी किनारे बसे क्षेत्रों में प्रशासन की निगरानी बढ़ गई है।
यलो अलर्ट वाले जिलों में सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, कन्नौज, औरैया, हमीरपुर, बांदा, रायबरेली, लखनऊ, मिर्जापुर, सोनभद्र, बलिया, गोरखपुर, बस्ती, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, कुशीनगर, संतकबीरनगर, प्रयागराज, अमेठी, कानपुर देहात, उन्नाव और चंदौली समेत अन्य जिले शामिल हैं।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। निचले इलाकों में जलभराव और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।


