फर्रुखाबाद। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, श्याम नगर, फर्रुखाबाद में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रभक्ति, हर्षोल्लास एवं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण से पूर्व पूर्ण राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डी.एन. कॉलेज के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. राजकुमार सिंह, नगर संघचालक सुशील जी, नगर प्रचारक अक्षय जी एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्वेता जी उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री उदय पाल सिंह, उपाध्यक्ष सुदेश दुबे, सह प्रबंधक डॉ. रामगोपाल चौहान तथा प्रधानाचार्य श्री रामकृष्ण वाजपेयी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण एवं लघु नाटक प्रस्तुत कर समां बांध दिया। ‘वंदे मातरम्’ और ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ जैसे देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुतियों ने पूरे विद्यालय परिसर को राष्ट्रभक्ति के भाव से भर दिया। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जीवन एवं बलिदान पर आधारित लघु नाटक और ओजस्वी भाषण प्रस्तुत कर आजादी के महत्व को रेखांकित किया।
मुख्य अतिथि डॉ. राजकुमार सिंह ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों के बलिदान को याद किया। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। नगर संघचालक सुशील जी एवं नगर प्रचारक अक्षय जी ने विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार एवं राष्ट्रीय मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य श्री रामकृष्ण वाजपेयी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। समारोह में विद्यालय के सभी भैया-बहिनें, आचार्य बंधु एवं आचार्य बहिनें उपस्थित रहीं। अंत में मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
यह जानकारी विद्यालय के मीडिया प्रभारी रामानुज अग्निहोत्री ने दी।


