हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा मार्ग, पुष्पवर्षा और प्रसाद वितरण कर जगह-जगह हुआ स्वागत
फर्रुखाबाद। ‘हेल्पेज फाउंडेशन सोसाइटी’ के तत्वावधान में संस्था प्रमुख मोनिका मिश्रा के कुशल नेतृत्व में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शिवतेरस के पावन पर्व पर भव्य एवं विशाल नंगे पांव कांवड़ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों महिला एवं पुरुष शिवभक्तों ने नंगे पांव चलकर भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी आस्था और समर्पण का परिचय दिया।
कांवड़ यात्रा का शुभारंभ पांचाल घाट पर मां गंगा के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। कांवड़ियों ने विधिवत पूजा कर गंगाजल भरा और इसके बाद भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए यात्रा शुरू की। यात्रा पांचाल घाट से मसेनी चौराहा होते हुए फतेहगढ़ चौराहे की ओर आगे बढ़ी।
लाल, भगवा और पीले परिधानों में सजे शिवभक्तों की टोली जब सड़कों पर निकली तो वातावरण भक्तिमय हो उठा। डीजे पर बज रहे भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। ‘हर-हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के गगनभेदी जयकारों से पूरा मार्ग शिवमय हो गया।
कांवड़ यात्रा फतेहगढ़ स्थित चित्रगुप्त मंदिर पहुंची, जहां कांवड़ियों ने भगवान भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
कांवड़ यात्रा का मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों, समाजसेवियों एवं धार्मिक संगठनों ने भव्य स्वागत किया। मसेनी चौराहे पर राजेश चतुर्वेदी, यश और आयुष ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा एवं आतिशबाजी कर स्वागत किया। वहीं चेयरमैन प्रतिनिधि राहुल राजपूत ने भी पुष्पवर्षा कर शिवभक्तों का अभिनंदन किया।
भोलेपुर मंदिर के महंत हरिशंकर तिवारी एवं मोहन दास महाराज ने कांवड़ियों का माल्यार्पण, पुष्पवर्षा एवं प्रसाद वितरण कर स्वागत किया। इसके अलावा हिंदू महासभा के विमलेश मिश्रा, नारायण दत्त और आदित्य दीक्षित ने फतेहगढ़ चौराहे पर यात्रा का जोरदार स्वागत किया।
प्रदीप गुप्ता और नन्हे की ओर से श्रद्धालुओं को फल एवं भोजन प्रसाद वितरित किया गया।
कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में रुचि मिश्रा, अतुल मिश्रा, रंजना दुबे, सुनीता मिश्रा, राखी चौहान, शीला, सोनल, लवली, प्रभात, रेनू, रुचि, दीपिका, राधा कसौधन, सोनाली, बीना सक्सेना, रीता, रेखा, रीमा, जिज्ञासा, गुड़िया, अम्बुज, किट्टू, मधु, निधि शुक्ला, नीरू, पंकज प्रकाश, तारन, दक्ष, हर्ष, उत्कर्ष, रुद्र, आशीष मिश्रा, सम्भव, अनिल, अप्पू राठौर, राहुल राजपूत, प्रियांशु शाक्य, मीना मिश्रा, बबीता, हिमांशु एवं अनिल तिवारी सहित सैकड़ों शिवभक्तों का विशेष योगदान रहा।
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में दिखाई दिया उत्साह और आस्था का संगम पूरे आयोजन को यादगार बना गया।


