पत्नी ने परिजनों के साथ मिलकर की हत्या, पत्नी-सास-ससुर और दो सालों समेत पांच गिरफ्तार
लखनऊ। इंदिरानगर के तकरोही स्थित संतपुरम में डॉग केयरटेकर पंकज की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक पंकज की हत्या उसकी पत्नी ने अपने मायके पक्ष के परिजनों के साथ मिलकर की थी। मामले में पुलिस ने पत्नी नेहा, उसकी मां, पिता और दो भाइयों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार पंकज ने करीब चार साल पहले नेहा से प्रेम विवाह किया था और इसके बाद वह अपनी पत्नी के मायके में ही रह रहा था। बताया जा रहा है कि कुत्ते की देखभाल को लेकर पंकज और नेहा के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान मामूली कहासुनी ने गंभीर रूप ले लिया।
आरोप है कि विवाद के बाद नेहा ने अपने परिजनों के साथ मिलकर पंकज का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपियों ने हत्या को छिपाने के लिए पंकज के सीढ़ियों से गिरकर मौत होने की झूठी कहानी गढ़ दी।
शुरुआत में मामला हादसा प्रतीत हुआ, लेकिन पुलिस को घटनाक्रम और आरोपियों के बयानों में विरोधाभास नजर आया। सख्ती से पूछताछ किए जाने पर आरोपियों ने कथित तौर पर हत्या की वारदात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने पत्नी समेत पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब हत्या में प्रयुक्त तरीके, घटनास्थल पर मौजूद परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है। मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रेम विवाह के चार साल बाद हुए इस हत्याकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी है।


