बाराबंकी, 10 अगस्त। कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के सूरतगंज मार्ग पर ग्राम दादनपुर के निकट रविवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। सावन के दूसरे सोमवार पर लोधेश्वर महादेवा मंदिर में जलाभिषेक के लिए जा रहे तीन युवकों की बाइक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार फतेहपुर कस्बे के जोशी टोला निवासी शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी (22), शक्तिमान जोशी (19) और सचिन जोशी (21) एक ही बाइक से महादेवा जा रहे थे। दादनपुर के पास उनकी बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, जिसमें श्रद्धालु भी सवार बताए जा रहे हैं। दुर्घटना में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने शक्तिमान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि रेफर किए जाने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। हालत बिगड़ने पर कोतवाल अमित सिंह भदौरिया ने सरकारी वाहन से उसे जिला अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे में शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी की भी मौत हुई, जबकि सचिन का उपचार जारी है।
एंबुलेंस में देरी को लेकर नाराज परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने समझाकर मामला शांत कराया। कोतवाल अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत हुई है और एक घायल का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


