23.2 C
Lucknow
Sunday, September 27, 2026

ट्रेड शो में ढोलक-ढपली की थाप से जेन जी का संदेश

Must read

सामाजिक मुद्दों और सरकारी योजनाओं को युवाओं ने बनाया संवाद का विषय

-ऊर्जा बचत से सुरक्षित सेल्फी तक नुक्कड़ नाटक से दी जागरूक की ‘आवाज’

ग्रेटर नोएडा, 27 सितंबर। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में उत्पादों और योजनाओं के प्रचार के बीच जेन जी का अंदाज भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। किसी पवेलियन में अचानक ढोलक-ढपली की थाप और गीत की आवाज गूंजती है तो भीड़ उसी ओर बढ़ जाती है। यहां मंच या बड़ी स्क्रीन के बजाय युवा छात्र-छात्राएं नुक्कड़ नाटक के जरिए समाज के ज्वलंत मुद्दों पर संवाद करते नजर आते हैं। ‘आवाज’ समूह के युवा अलग-अलग पवेलियन में पहुंचकर वहां के विषय से जुड़े सामाजिक संदेश प्रस्तुत कर रहे हैं। पावर ग्रिड कारपोरेशन के पवेलियन में ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तो दूसरे स्थान पर ऊंचाई पर चढ़कर सेल्फी लेने के दौरान होने वाले हादसों के प्रति जागरूक किया गया।

पवेलियन के विषय से जुड़ता है नाटक
‘आवाज’ समूह की प्रस्तुति की खासियत यह है कि युवा जिस पवेलियन में जाते हैं, उसी से जुड़े विषय को नुक्कड़ नाटक का हिस्सा बनाते हैं। पावर ग्रिड कारपोरेशन के पवेलियन में विद्युत ऊर्जा की बचत को केंद्र में रखते हुए बिजली के विवेकपूर्ण इस्तेमाल और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। गीत, संवाद और ढोलक-ढपली के साथ प्रस्तुत नाटक ने लोगों को रोककर देखने के लिए मजबूर किया।

सेल्फी के लिए जोखिम उठाने पर संदेश
समूह ने ऊंचाई पर चढ़कर सेल्फी लेने की प्रवृत्ति को भी नुक्कड़ नाटक का विषय बनाया। युवाओं ने अभिनय और संवाद के माध्यम से बताया कि सोशल मीडिया के लिए तस्वीर या वीडियो बनाने के चक्कर में जोखिम उठाना हादसे का कारण बन सकता है। नाटक के जरिए युवाओं से सुरक्षित व्यवहार अपनाने और ऐसी गतिविधियों से बचने की अपील की गई।

योजनाओं की जानकारी भी नाटक के जरिए
‘आवाज’ समूह ने सरकारी योजनाओं को भी अपनी प्रस्तुतियों में शामिल किया। समाज कल्याण विभाग की अभ्युदय योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलने वाले अवसरों को नाटक के जरिए समझाया गया। पात्रों और संवादों के माध्यम से बताया गया कि योजना का लाभ लेकर विद्यार्थी आगे बढ़ सकते हैं और उच्च पदों तक पहुंचने का लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।

अलग-अलग संस्थानों के युवा जुड़े
‘आवाज’ समूह का नेतृत्व आईजीडीटीयू की छात्रा पीहू कर रही हैं। समूह में आरएमएल के पूर्व छात्र सूरज, अरविंदो कॉलेज के नितिन, नोएडा स्कूल ऑफ जर्नलिज्म की साखी और डीडीयू के अभिषेक शामिल हैं। अलग-अलग संस्थानों से जुड़े ये युवा कला को जनजागरूकता का माध्यम बना रहे हैं। ट्रेड शो में उनका नुक्कड़ नाटक मनोरंजन के साथ ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण, सुरक्षित व्यवहार और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article