जानकी विहार में बंद मकान का ताला तोड़कर वारदात, महज 19 मिनट में जेवरात और नकदी समेट ले गए शातिर चोर
लखनऊ। जानकीपुरम थाना क्षेत्र के जानकी विहार में शातिर चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाकर करीब 82.50 लाख रुपये की चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और नकदी व लाखों रुपये के जेवरात समेटकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि मकान रिटायर्ड शिक्षक का है। घटना के समय मकान बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। बताया गया कि चोरों ने महज 19 मिनट के भीतर पूरे घर को खंगालकर कीमती सामान और नकदी पार कर दी।
चोरी की जानकारी मिलने पर परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची जानकीपुरम पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
इतनी बड़ी रकम की चोरी से इलाके में भी दहशत का माहौल है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात में किसी परिचित की भूमिका है या चोरों ने रेकी के बाद मकान को निशाना बनाया, पुलिस इन बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।


