डीजीपी रेलवे प्रकाश डी. ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित, रायबरेली स्टेशन पर दिखाई थी अद्भुत तत्परता
लखनऊ। रेलवे स्टेशन पर अपनी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक महिला यात्री की जान बचाने वाले रायबरेली जीआरपी के मुख्य आरक्षी शिवपूजन चौधरी को उत्तर प्रदेश रेलवे पुलिस के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रकाश डी. ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है।
यह सम्मान उन्हें 6 अगस्त को रायबरेली रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान किए गए साहसिक कार्य के लिए प्रदान किया गया। घटना के दौरान एक महिला यात्री ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थी, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच गिरने लगी।
ड्यूटी पर तैनात मुख्य आरक्षी शिवपूजन चौधरी ने बिना समय गंवाए तत्काल फुर्ती दिखाते हुए महिला को सुरक्षित खींच लिया। उनकी तत्परता और साहस के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और महिला की जान बच गई।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें मुख्य आरक्षी की सतर्कता और बहादुरी की लोगों ने जमकर सराहना की। इसके बाद रेलवे पुलिस मुख्यालय ने उनके उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
डीजीपी रेलवे प्रकाश डी. ने कहा कि पुलिसकर्मियों की सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित निर्णय क्षमता आमजन की सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने मुख्य आरक्षी शिवपूजन चौधरी के कार्य की प्रशंसा करते हुए इसे पुलिस बल के लिए प्रेरणादायक बताया।


