रायबरेली । पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्वेलर्स की दुकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। मिल एरिया थाना क्षेत्र के लोनियन का पुरवा के पास हुई पुलिस मुठभेड़ में पांच शातिर चोर गिरफ्तार किए गए, जबकि मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 12.80 किलोग्राम चांदी के आभूषण, दो अवैध तमंचे, कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने रायबरेली और अमेठी में ज्वेलर्स की दुकानों में हुई चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से दोनों जिलों में हुई ज्वेलर्स चोरी की घटनाओं का खुलासा हो गया है।
हालांकि गिरोह का एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने बरामद चोरी के माल और हथियारों को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की बड़ी सफलता: मुठभेड़ में 5 शातिर चोर गिरफ्तार, 2 बदमाशों के पैर में लगी गोली


