समिति के विरोध के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष ने तत्काल रुकवाया काम, निर्माण सामग्री व उपकरण हटाए गए
शमशाबाद, फर्रुखाबाद। नगर पंचायत शमशाबाद द्वारा थाने के सामने स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क की अतिरिक्त भूमि पर लगाए जा रहे सरकारी हैंडपंप के कार्य को शुक्रवार को रोक दिया गया। मामले की जानकारी होने पर डॉ. भीमराव अंबेडकर बहुजन उत्थान सेवा समिति के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आपत्ति जताई और पार्क की भूमि पर किसी भी प्रकार के अन्य निर्माण का विरोध किया।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत शमशाबाद द्वारा करीब तीन दिन पूर्व थाने के सामने स्थित अंबेडकर पार्क की खाली पड़ी भूमि पर सरकारी हैंडपंप लगाने का कार्य शुरू कराया गया था। इसकी जानकारी जब डॉ. भीमराव अंबेडकर बहुजन उत्थान सेवा समिति के पदाधिकारियों को हुई तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर कार्य पर आपत्ति जताई। पदाधिकारियों ने नगर पंचायत अधिकारियों को पार्क की भूमि की स्थिति से अवगत कराते हुए वहां अन्य निर्माण कार्य न कराने की मांग की।
शुक्रवार को समिति के पदाधिकारियों ने एक बार फिर पार्क की भूमि पर हैंडपंप लगाने के कार्य को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि अंबेडकर पार्क बहुजन समाज के लिए आस्था और सम्मान का केंद्र है। ऐसे में पार्क की भूमि पर किसी अन्य निर्माण से पार्क का स्वरूप प्रभावित हो सकता है।
मामले की जानकारी नगर पंचायत अध्यक्ष जोया शाह फारूकी को हुई तो उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को कार्य रुकवाने के निर्देश दिए। अध्यक्ष के निर्देश के बाद मौके से निर्माण सामग्री और अन्य उपकरण हटा लिए गए।
समिति के अध्यक्ष डॉ. सुबोध कुमार ने कहा कि अंबेडकर पार्क बहुजन समाज की आस्था का केंद्र है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी प्रशासन के सहयोग से पार्क को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था। हैंडपंप लगाने का कार्य रुकवाने के लिए उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष जोया शाह फारूकी और अधिशासी अधिकारी का आभार जताया।
इस दौरान समिति के सचिव विनोद कुमार गौतम, कोषाध्यक्ष मास्टर रामसनेही, श्रीकृष्ण फौजी, सदाराम, रामअवतार, राजीव कुमार, बाबूराम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
अंबेडकर पार्क की भूमि पर हैंडपंप लगाने का कार्य रुका, बहुजन समाज ने जताया प्रशासन का आभार


