30.5 C
Lucknow
Saturday, August 8, 2026

शराब के लिए दबंगों ने ई-रिक्शा चालक को पीटा, नकदी छीनी और रिमोट तोड़ा

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र में दबंगई का मामला सामने आया है। शराब के लिए पैसे मांगने का विरोध करने पर दबंगों ने एक ई-रिक्शा चालक को पकड़कर उसके साथ मारपीट की और जेब में रखी नकदी छीन ली। आरोपियों ने ई-रिक्शा का रिमोट भी छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह टूट गया। विरोध करने पर जानमाल की धमकी देते हुए आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने कायमगंज कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कुइयां धीर निवासी आकाश गंगवार शनिवार को ई-रिक्शा से ग्राम नरसिंहपुर नर्सरी लेने जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में अचरिया निवासी संजू गंगवार सहित कुछ लोगों ने उनका ई-रिक्शा रोक लिया।
पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ अभद्रता शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान दबंगों ने उसकी जेब में रखे 750 रुपये निकाल लिए। विरोध करने पर आरोपी और उग्र हो गए तथा करीब आधा दर्जन अन्य लोगों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आकाश गंगवार ने आरोप लगाया कि दबंगों ने उसके ई-रिक्शा का रिमोट भी छीन लिया और उसे जमीन पर पटककर तोड़ दिया। पीड़ित द्वारा शोर मचाने पर आसपास से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपी दोबारा देख लेने और जानमाल की धमकी देते हुए अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गए।
रिमोट टूट जाने के कारण ई-रिक्शा चालक को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया गया कि ई-रिक्शा को दूसरे वाहन से बांधकर किसी तरह घर तक लाया गया।
घटना के बाद पीड़ित ने अचरिया निवासी संजू गंगवार सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ कायमगंज कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपों की पुष्टि होने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article