फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव देवरान गढ़िया में रविवार सुबह मिट्टी खोदने के दौरान अचानक टीला धंस गया। हादसे में मिट्टी निकाल रही 50 वर्षीय किरन देवी मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने फावड़े से मिट्टी हटाकर उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से लोहिया अस्पताल रेफर किए जाने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, देवरान गढ़िया निवासी रमेश की पत्नी किरन देवी रविवार सुबह करीब सात बजे गांव से कुछ दूरी पर मिट्टी लेने गई थीं। उनके साथ पड़ोस की एक महिला भी थी। बताया गया कि किरन देवी का मकान मिट्टी का बना हुआ है और वह घर के काम के लिए मिट्टी लेने पहुंची थीं। दोनों महिलाएं मिट्टी खोद रही थीं। साथ गई महिला का तसला मिट्टी से भर गया था। इसके बाद किरन देवी गड्ढे के अंदर जाकर मिट्टी निकालने लगीं।
इसी दौरान अचानक ऊपर से मिट्टी का टीला भरभराकर धंस गया और किरन देवी उसके मलबे में दब गईं। यह देखकर उनके साथ गई महिला घबरा गई और शोर मचाने लगी। उसकी आवाज सुनकर पास में काम कर रहे पप्पू समेत अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत मिट्टी हटाने का प्रयास शुरू किया और फावड़े की मदद से किरन देवी को बाहर निकाला।
मलबे से निकाले जाने के बाद किरन देवी की हालत गंभीर थी। परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन इमरजेंसी में डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
किरन देवी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। उनके पति रमेश खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। किरन देवी के दो बेटे संदीप और सचिन तथा दो बेटियां संध्या और बुलबुल हैं। संदीप, सचिन और संध्या की शादी हो चुकी है, जबकि बुलबुल अविवाहित हैं। हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की और महिला के शव को मोर्चरी में रखवा दिया। मिट्टी खोदते समय अचानक टीला धंसने से हुए इस हादसे ने गांव में शोक का माहौल पैदा कर दिया है।
मिट्टी का टीला धंसने से महिला की मौत, घर के लिए मिट्टी खोदने गई थीं किरन देवी


