35 C
Lucknow
Wednesday, April 22, 2026

ट्रैक्टर से बचने के प्रयास में अनियंत्रित कार हाईटेंशन पोल से टकराई, दो पोल टूटे—ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद।
नगर क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा उस समय होते-होते टल गया, जब ट्रैक्टर से बचने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर हाईटेंशन विद्युत पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही बिजली के दो पोल टूट गए और पास में रखा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फैजबाग–शमशाबाद मार्ग पर नगर पंचायत क्षेत्र के मोहल्ला खानपुर स्थित एक पब्लिक स्कूल के सामने यह हादसा हुआ। कार संख्या यूपी 82 एएन 5688, जिसे चालक अमन निवासी कछला (थाना अलीगंज, एटा) चला रहा था, अचानक सामने आए ट्रैक्टर से बचने के प्रयास में नियंत्रण खो बैठी और सीधे हाईटेंशन लाइन के पोल से टकरा गई।
बताया जा रहा है कि अमन अपने दोस्त रुद्र मिश्रा की बहन गौरी मिश्रा तथा बच्चों लव-कुश को लेकर फर्रुखाबाद से शमशाबाद क्षेत्र के एक गांव में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। कार्यक्रम के बाद सभी लोग कार से वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय विद्युत आपूर्ति चालू थी, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। हालांकि, कार में लगे एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे सभी सवार सुरक्षित बच गए और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही शमशाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। साथ ही विद्युत विभाग के कर्मचारी भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त पोल व ट्रांसफार्मर की जांच शुरू की।
हादसे में कार सवार लोगों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शमशाबाद भेजा गया। वहीं विद्युत विभाग द्वारा बिजली आपूर्ति बहाल करने एवं क्षति के आकलन के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article