लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अपने मीडिया विभाग को और मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में एआईसीसी मीडिया विभाग ने यूपी कांग्रेस के मीडिया विभाग के पुनर्गठन की नई सूची जारी की है।
एआईसीसी मीडिया एवं प्रचार विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा की ओर से जारी सूची में कई नेताओं को प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई सूची में अंशू अवस्थी, अलीमुल्लाह खान, डॉ. अन्नू पासवान, हिलाल नकवी, सचिन रावत और ईशान त्यागी को प्रवक्ता बनाया गया है।
इसके अलावा डॉली शर्मा, विजय कुमार पाल और डॉ. उमेश गोंड को भी पार्टी के मीडिया विभाग में प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है।
कांग्रेस ने केवल प्रवक्ताओं की सूची में बदलाव नहीं किया है, बल्कि रिसर्च और प्रचार विभाग में भी नई नियुक्तियां की गई हैं। पार्टी का उद्देश्य मीडिया के माध्यम से संगठन की गतिविधियों, नीतियों और विपक्ष के मुद्दों को मजबूती से जनता तक पहुंचाना बताया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस लगातार संगठनात्मक स्तर पर बदलाव कर रही है। मीडिया विभाग के पुनर्गठन को भी चुनावी तैयारियों की इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।


