शमशाबाद, फर्रुखाबाद।
थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए, जबकि एक युवती बाल-बाल बच गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोशनाबाद–फर्रुखाबाद मार्ग पर ग्राम रमापुर के पास स्थित बत्तीसा बाग के निकट यह हादसा उस समय हुआ, जब दो बाइक सवार आमने-सामने आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि फर्रुखाबाद निवासी वंश पुत्र राजू और आदित्य पुत्र रविंद्र सिंह बाइक से शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम सुल्तानगंज खरेटा में एक रिश्तेदारी में आए थे। बुधवार को वह वापस फर्रुखाबाद जा रहे थे। उनकी बाइक पर वंशिका नाम की युवती भी सवार थी, जो इस हादसे में बाल-बाल बच गई।
वहीं दूसरी बाइक पर सवार करन पुत्र कल्लू निवासी लठा नगला (जलालाबाद) अपने रिश्तेदारी से नैगमा से वापस घर लौट रहा था। जैसे ही दोनों बाइक सवार बत्तीसा बाग के पास पहुंचे, उनकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
इस दुर्घटना में वंश, आदित्य और करन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर शोर-शराबा सुनकर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जबकि अन्य ने डायल 108 पर कॉल कर एंबुलेंस बुलाई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शमशाबाद पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है, तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन घायल, युवती बाल-बाल बची


