– विरोध पर मारपीट, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत
फर्रुखाबाद/कमालगंज। थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर में एक शादी समारोह के दौरान पुरानी रंजिश ने ऐसा मोड़ ले लिया कि बारात की खुशियां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी में बदल गईं। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने रंजिश के चलते मुख्य बिजली लाइन काट दी, जिससे पूरा विवाह स्थल अंधेरे में डूब गया। विरोध करने पर दुल्हन के भाई के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित सर्वेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार रात उनकी पुत्री प्रिया की शादी थी। बारात पहुंचने के बाद रात करीब 8:30 बजे गांव के ही विकास, घनश्याम, जयवीर और संजीव कथित रूप से मौके पर पहुंचे और पुरानी रंजिश के चलते गांव की मुख्य बिजली लाइन काट दी। बिजली गुल होते ही विवाह समारोह में अफरा-तफरी मच गई और मेहमानों के बीच असहज स्थिति पैदा हो गई।
शिकायत के अनुसार, जब दुल्हन के भाई अमित ने बिजली काटने का विरोध किया तो आरोपितों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। घटना में अमित घायल हो गया, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
वहीं, मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। विकास ने भी कमालगंज थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उसका सर्वेश कुमार के परिवार से पहले से जमीन का विवाद चल रहा है और उसी रंजिश के चलते उस पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।
थानाध्यक्ष रामसहाय ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


