फर्रुखाबाद। अगले तीन दिन मौसम बेहद खतरनाक रूप ले सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र Lucknow द्वारा जारी प्रेस नोट में 28 मई से 30 मई तक तेज आंधी, तड़ित झंझावात और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने किसानों, पशुपालकों और आम नागरिकों के लिए विशेष एडवाइजरी भी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार 28 मई को जिले में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। वहीं 29 और 30 मई को मौसम और अधिक उग्र हो सकता है। इन दिनों हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तथा झोंकों में 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है। कई स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका व्यक्त की गई है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि तेज आंधी और बारिश से कच्चे मकानों, झोपड़ियों और अस्थायी ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है। पेड़, बिजली के खंभे और बड़े होर्डिंग गिरने का खतरा बना रहेगा। विद्युत आपूर्ति बाधित होने और धूलभरी आंधी के कारण सड़क यातायात प्रभावित होने की संभावना भी जताई गई है।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। गन्ना, मक्का और अन्य लंबी फसलों को सहारा देकर बांधने, सब्जियों और बागवानी फसलों में जल निकासी की व्यवस्था करने तथा कटाई योग्य फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की गई है। आम के बागों में गिरे हुए फलों को तुरंत हटाने की सलाह भी दी गई है ताकि सड़न न फैले।
पशुपालकों से कहा गया है कि पशुओं को खुले स्थानों पर न बांधें और सुरक्षित शेड में रखें। चारे और पानी की पर्याप्त व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जनपद प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, बिजली के खंभों और टूटे तारों से दूर रहें तथा केवल प्रशासन और मौसम विभाग की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।


