फर्रुखाबाद।
शहर के वार्ड नंबर 2 स्थित विवेकानंद नगर के मोहल्ला सातनपुर में सड़क की बदहाल स्थिति ने स्थानीय निवासियों का जीवन दूभर कर दिया है। पप्पू शाक्य और शिवम के मकान से नाले तक जाने वाली सड़क वर्षों से कच्ची, क्षतिग्रस्त और दुर्दशाग्रस्त पड़ी है, जिससे लोगों को खासकर बरसात के मौसम में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इस गंभीर समस्या को लेकर मोहल्ले के लोगों ने जिलाधिकारी और नगर पालिकाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र सौंपकर जल्द सड़क निर्माण की मांग की है। प्रार्थना पत्र देने वालों में सतेन्द्र मिश्रा, कश्मीर सिंह, पप्पू शाक्य, शेर सिंह, राकेश यादव, नन्दकिशोर दुबे, वन्देमातरम सहित कई स्थानीय नागरिक शामिल हैं।
निवासियों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से यह सड़क बदहाल पड़ी है, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे आवागमन लगभग ठप हो जाता है और कीचड़ व जलभराव से स्थिति और भयावह हो जाती है।
मामले में स्थानीय सभासद प्रशांत कटियार ने भी पप्पू शाक्य व शिवम के मकान से नाले तक सड़क निर्माण के लिए नगर पालिकाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र दिया था। लेकिन आरोप है कि पालिका प्रशासन ने इस हिस्से को छोड़कर रजनीश शुक्ला के मकान से नाले तक सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया है, जिससे मूल समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रजनीश शुक्ला के मकान से पप्पू शाक्य व शिवम के मकान की दूरी महज 30 मीटर है, बावजूद इसके आवश्यक हिस्से को नजरअंदाज किया जा रहा है। इससे लोगों में रोष व्याप्त है।
मोहल्ले के निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि पप्पू शाक्य व शिवम के मकान से नाले तक सड़क निर्माण कार्य नहीं कराया गया, तो रजनीश शुक्ला के मकान से नाले तक हो रहे निर्माण कार्य का भी विरोध किया जाएगा, क्योंकि यह अधूरा निर्माण नागरिकों के हित में नहीं है।
वहीं, नगर पालिकाध्यक्ष ने नागरिकों को आश्वासन दिया है कि समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा और सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
वर्षों से बदहाल सड़क बनी मुसीबत, वार्ड-2 के सातनपुर के लोगों ने उठाई आवाज


