38 C
Lucknow
Friday, July 3, 2026

चौकी प्रभारी से अभद्रता और फायरिंग के मामले का वांछित आरोपी तमंचे समेत गिरफ्तार

Must read

फर्रुखाबाद। कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस ने रेलवे रोड चौकी प्रभारी के साथ अभद्रता और जानलेवा हमले के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
पुलिस के अनुसार कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलोत के निर्देशन में दरोगा ज्ञान प्रकाश पांडे, सिपाही पवन कुमार और रामू की टीम वांछित अपराधी की तलाश में लगातार जुटी हुई थी। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर मोहल्ला बाग कूंचा निवासी स्वर्गीय डब्बू मिश्रा के पुत्र देव मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए।
गौरतलब है कि 21 जून को पल्ला जटवारा निवासी उत्कर्ष मिश्रा उर्फ भूरा ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोककर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। घटना के दौरान रेलवे रोड चौकी प्रभारी कल्पेश चौधरी मौके पर पहुंचे और एक आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन उसके साथी पुलिस से धक्का-मुक्की कर आरोपी को छुड़ाकर फरार हो गए थे। इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी देव मिश्रा ने पुलिस को बताया कि 20 जून की रात रेलवे स्टेशन के पास पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर उसने और उसके साथियों ने उत्कर्ष मिश्रा तथा उसके साथ मौजूद युवकों के साथ मारपीट की। विरोध होने पर गुस्से में आकर फायरिंग कर दी। हालांकि गोली लगने से पहले ही उत्कर्ष नीचे गिर गया, जिससे उसकी जान बच गई। फायरिंग के बाद मौके पर भीड़ जुटने लगी तो सभी आरोपी वहां से भाग निकले। जाते समय शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फर्रुखाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और अवैध हथियारों के बल पर दहशत फैलाने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article