कंपिल (फर्रुखाबाद)। कंपिल थाना पुलिस ने वर्ष 2015 में दर्ज एक मुकदमे में लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी शिवकुमार निवासी ग्राम पुरौरी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वहीं, गिरफ्तारी के बाद परिजनों ने पुलिस पर अभद्रता और बिना जानकारी दिए घर से उठाकर ले जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2015 में दर्ज मुकदमे में शिवकुमार और उसका एक अन्य साथी लंबे समय से वांछित थे। शनिवार देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिवकुमार को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
दूसरी ओर, शिवकुमार के परिजनों का आरोप है कि शनिवार देर रात पुलिस टीम ने उनके घर पर दबिश दी। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने परिवार के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा गिरफ्तारी का कारण बताए बिना शिवकुमार को अपने साथ थाने ले गए। उनका कहना है कि पुलिस ने मौके पर किसी प्रकार की स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
इस संबंध में थाना प्रभारी नितिन कुमार ने परिजनों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि शिवकुमार वर्ष 2015 के मुकदमे में वांछित चल रहा था और विधिक प्रक्रिया के तहत उसकी गिरफ्तारी की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस पर लगाए गए अभद्रता के आरोप निराधार हैं।


