कंपिल: कटीले तार लगाने का विरोध करने पर दबंगों ने महिला व उसके स्वजनों को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़िता ने थाने पहुंच मामले की तहरीर दी। चार दिन बीतने के बाद पुलिस के मुकदमा दर्ज न करने पर पीड़ित परिवार ने घर बिकाऊ के पोस्टर लगा दिए। पुलिस ने जांच पड़ताल कर कार्रवाई का भरोसा दिया।
क्षेत्र के गांव बहलोलपुर निवासी माया कठेरिया ने बताया कि उनकी झोपड़ी खेत में पड़ी हुई है। पड़ोसी ने अपने खेत की मेढ़ पर कटीले तार लगा दिए।विरोध करने पर गाली गलौज कर लाठी डंडे से मारपीट करने लगे। महिला की चीखपुकार सुनकर बचाने आए नाती अमन , सूरज , पुत्रवधू शकुंतला व नातिन नन्ही देवी को भी मारपीट कर घायल कर दिया। ग्रामीणों के बचाने पर आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी कायमगंज भेज दिया। पीड़ित ने 25 जून को स्वजनों के साथ थाने पहुंच मामले की तहरीर दी।आरोप ही कि तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। जिससे परेशान होकर रविवार सुबह पीड़ित परिवार ने मकान बिकाऊ के पोस्टर लगा दिए। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल कर कार्रवाई का भरोसा दिया।


