नवाबगंज:नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक किसान की अज्ञात ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। 25 वर्षीय नीलेश अपने खेत से मक्का बटोरने जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। गंभीर रूप से घायल नीलेश ने फर्रुखाबाद के एक हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
यह घटना बीती रात लगभग 8 बजे की है। गुलरिया नगला निवासी नीलेश पुत्र तेजराम खाना खाने के बाद अपने घर से बाइक पर खेत की ओर जा रहा था। गांव के बाहर बम्बा के पास एक अज्ञात ट्रैक्टर ने उसे तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि नीलेश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत एक निजी वाहन से फर्रुखाबाद के एक हॉस्पिटल ले गए। हालांकि, रात्रि लगभग 10 बजे इलाज के दौरान नीलेश की मौत हो गई।
मृतक नीलेश की शादी तीन साल पहले फर्रुखाबाद के जिजुइया गांव में हुई थी। उसके परिवार में पत्नी रुचि, दो साल का बेटा रेन्स और चार माह की एक बेटी है। नीलेश अपने भाइयों रणवीर और उदयवीर में दूसरे नंबर का था। परिवार में मां और पिता तेजराम भी हैं। इस घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि रविवार सुबह लगभग 9 बजे परिजनों द्वारा घटना की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पंचनामा की कार्रवाई के लिए हलका इंचार्ज राम सिंह को मौके पर भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


