फर्रुखाबाद
शनिवार सुबह तेज हवा और बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन गई। कमालगंज कस्बे के मोहल्ला आजाद नगर में एक मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, 37 वर्षीय कुसमा शनिवार सुबह करीब छह बजे अपने घर में बर्तन धो रही थीं। इसी दौरान तेज हवा और हल्की बारिश के बीच मकान की दीवार अचानक ढह गई और वह मलबे के नीचे दब गईं। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे तथा कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें मलबे से बाहर निकाला।
परिजन घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उनका इलाज जारी है और चिकित्सक उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
परिजनों ने बताया कि कुसमा के पति की पहले ही मौत हो चुकी है। वह कई वर्षों से अपने बच्चों के साथ मायके में रहकर जीवनयापन कर रही हैं। हादसे के बाद परिवार में चिंता का माहौल बना हुआ है।
वहीं, शनिवार सुबह हुई बारिश और तेज हवाओं का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। शहर के कई इलाकों में करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली गुल हो गई। कई स्थानों पर समाचार लिखे जाने तक विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी थी, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।


