बरेली के कैंट थाना क्षेत्र स्थित सदर बाजार इलाके में क्रिकेट खेल रहे कुछ युवकों द्वारा पाकिस्तान समर्थित नारे लगाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि युवक अपने एक साथी कासिफ का नाम लेते हुए “पाकिस्तान जिंदाबाद” जैसे नारे लगा रहे थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जब आसपास मौजूद लोगों ने इस हरकत का विरोध किया तो युवकों के साथ कहासुनी हो गई, जो बाद में हाथापाई तक पहुंच गई। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ युवक बाइक पर सवार होकर भी नारे लगाते दिखाई दे रहे हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया। वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
कैंट थाना प्रभारी संजय धीर ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें आरोपों की पुष्टि हुई है। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाई है और मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
विकास नामक युवक की तहरीर पर पुलिस ने 14 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है, जबकि पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बरेली में पाकिस्तान समर्थित नारे लगाने का वीडियो वायरल, 14 युवकों पर केस दर्ज


