लखनऊ
यूपी के नोएडा में वेतन वृद्धि को लेकर शुरू हुआ श्रमिकों का प्रदर्शन अब राजधानी लखनऊ तक पहुंच गया है। सोमवार को मदरसन सूमी वायरिंग इंडिया लिमिटेड के कर्मचारियों ने सरोजनीनगर स्थित प्लांट के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में जुटे कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर नाराजगी जताई।
कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय से वेतन वृद्धि और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार प्रबंधन से बातचीत के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकला, जिसके चलते उन्हें आंदोलन का सहारा लेना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान फैक्ट्री गेट के बाहर माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। बिजनौर थाने के प्रभारी कपिल गौतम ने कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रबंधन तक उनकी मांगें पहुंचाने का भरोसा दिया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शन फिलहाल शांत हो गया।
हालांकि, श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे फिर से आंदोलन तेज कर सकते हैं। इस घटनाक्रम ने यह संकेत दिया है कि प्रदेश में श्रमिक असंतोष धीरे-धीरे व्यापक रूप लेता जा रहा है, जो आने वाले समय में औद्योगिक माहौल को प्रभावित कर सकता है।


