27 C
Lucknow
Tuesday, September 1, 2026

बारिश में फिसले वैद्य, सिर के बल गिरने से मौत

Must read

 

फर्रुखाबाद। कायमगंज क्षेत्र के बराबिकु गांव में मंगलवार तड़के बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। लघुशंका के लिए घर से बाहर निकले 48 वर्षीय वैद्य का पैर फिसल गया और वह सिर के बल पक्के फर्श पर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

गांव निवासी भूदेव (48) पुत्र शिवदयाल मंगलवार सुबह करीब चार बजे लघुशंका के लिए घर से बाहर निकले थे। उस समय तेज बारिश हो रही थी। बताया गया कि रास्ते में पैर फिसलने से वह संतुलन खो बैठे और सिर के बल फर्श पर गिर गए। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद वह मौके पर ही बेहोश हो गए और काफी देर तक बारिश में पड़े रहे।

कुछ देर बाद उनकी पत्नी संगीता की नजर पति पर पड़ी। उन्हें बेहोश पड़ा देखकर वह चीख पड़ीं। शोर सुनकर परिवार के लोग और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में भूदेव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

भूदेव तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। वह गांव में वैद्य के रूप में लोगों का उपचार करते थे। परिवार में पत्नी संगीता और एक बेटा है। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इनकार करते हुए शव का ढाईघाट गंगा तट पर अंतिम संस्कार कर दिया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article