फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) 2026 के अंतिम दिन जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रूप से कमालगंज स्थित श्री फिरोज गांधी जनता इंटर कॉलेज और आर.पी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय का औचक निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की पहचान, प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों के संचालन और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। यदि कहीं भी नकल, अनियमितता या संदिग्ध गतिविधि मिले तो तत्काल कार्रवाई करते हुए कंट्रोल रूम को सूचना दी जाए।
सबसे पहले जिलाधिकारी ने श्री फिरोज गांधी जनता इंटर कॉलेज, कमालगंज का निरीक्षण किया। केंद्र व्यवस्थापक ने बताया कि यहां 384 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 327 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। निरीक्षण के दौरान सभी कक्षों में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित होती मिली।
इसके बाद अधिकारियों ने आर.पी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कमालगंज का निरीक्षण किया। यहां 480 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 400 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस केंद्र पर भी परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित पाई गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिक्षक पात्रता परीक्षा को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि परीक्षा की शुचिता और विश्वसनीयता बनी रहे।


