37.8 C
Lucknow
Saturday, July 4, 2026

एनआरसी से तभी डिस्चार्ज हों बच्चे जब हीमोग्लोबिन 11 से अधिक हो: डीएम डॉ. अंकुर लाठर

Must read

 

कुपोषण मुक्त फर्रुखाबाद के लिए सभी विभाग मिलकर करें काम, जिला पोषण समिति व संभव अभियान की समीक्षा

फर्रुखाबाद। कुपोषण के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति एवं संभव अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लोहिया अस्पताल के पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती अति कुपोषित बच्चों का हीमोग्लोबिन स्तर 11 ग्राम प्रति डेसीलीटर से अधिक होने के बाद ही उन्हें डिस्चार्ज किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि एनआरसी में भर्ती सभी अति कुपोषित बच्चों का समुचित स्वास्थ्य परीक्षण और समय पर टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात चिकित्सा अधीक्षकों, आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम के कार्यों की नियमित निगरानी की जाए, ताकि कुपोषित बच्चों और गर्भवती महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावी ढंग से पहुंच सकें।
उन्होंने कहा कि कुपोषण मुक्त फर्रुखाबाद का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, पंचायतीराज तथा अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। अति कुपोषित और कुपोषित बच्चों की नियमित पहचान, स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और पोषण सेवाएं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को शासन की सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाया जाए।
संभव अभियान की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बैठक में पोषण एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इसमें टीकाकरण, पोषण ट्रैकर, बच्चों का वजन एवं लंबाई मापन, अनुपूरक पोषाहार वितरण, आंगनबाड़ी केंद्रों की सेवाएं तथा स्वास्थ्य विभाग एवं बाल विकास विभाग के बीच समन्वय जैसे बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशील कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article