27 C
Lucknow
Wednesday, May 6, 2026

पुलिस मुठभेड़ में दो लुटेरे गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली, 53 हजार नकद व असलहा बरामद

Must read

 

भरथना (इटावा)। क्षेत्र में सक्रिय लूट की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भरथना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसे घायल अवस्था में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटे गए 53,700 रुपये, दो अवैध तमंचे, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। पूछताछ में बदमाशों ने 27 अप्रैल को विशंभर कॉलोनी निवासी किराना व्यापारी गोविंद शाक्य से घर जाते समय करीब 1.70 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इस घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान विश्वनाथ उर्फ बीपी और ऋतिक कुमार के रूप में हुई है। घायल विश्वनाथ पर लूट और चोरी के करीब 18 मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जबकि ऋतिक कुमार पर छह आपराधिक मामले पंजीकृत हैं। दोनों शातिर अपराधी लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय थे और पुलिस के लिए चुनौती बने हुए थे।
उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों ने व्यापक स्तर पर जांच की। घटनास्थल, दुकान, हाईवे और आसपास के इलाकों में लगे करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इन फुटेज में संदिग्ध युवक बाइक से औरैया की दिशा में जाते हुए दिखाई दिए, जिसके आधार पर पुलिस ने उनकी पहचान कर घेराबंदी की रणनीति बनाई।
एसपी ग्रामीण श्रीश्चंद्र के नेतृत्व में गठित टीम ने घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, जिस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में लगी, जिसके बाद दोनों को दबोच लिया गया। फरार साथियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना भरथना में बीएनएसएस और आयुध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। एसएसपी ने दावा किया कि फरार दोनों आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है और व्यापारी वर्ग ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article