राजनीति के दो ध्रुव एक सूत्र में बंधे
– फर्रुखाबाद की जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने भाजपा नेता गौरव चौधरी के साथ लिए सात फेरे
फर्रुखाबाद/मेरठ। उत्तर प्रदेश की राजनीति और सामाजिक हलकों में इन दिनों एक विवाह चर्चा का विषय बना हुआ है। फर्रुखाबाद की जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने मेरठ के युवा भाजपा नेता एवं जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी के साथ हिमाचल प्रदेश में पारिवारिक समारोह के बीच विवाह कर नया जीवन प्रारंभ किया। विवाह समारोह को बेहद निजी रखा गया, जिसमें दोनों परिवारों के चुनिंदा सदस्य और करीबी लोग ही शामिल हुए।
विवाह की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई। राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और समाजसेवियों ने नवदंपति को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।
मोनिका यादव प्रदेश के कद्दावर रहे समाजवादी नेता एवं पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव जो अब वर्तमान में बीजेपी में हैं उनकी छोटी पुत्री हैं। फर्रुखाबाद की राजनीति में उनका परिवार राजनैतिक भूमिका निभाता रहा है। वर्तमान में मोनिका यादव जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में सक्रिय हैं और अपनी मिलनसार कार्यशैली, सरल व्यवहार तथा जनसरोकारों के लिए जानी जाती हैं। महिला नेतृत्व के क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है।

वहीं उनके जीवनसाथी गौरव चौधरी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चर्चित युवा भाजपा नेताओं में गिने जाते हैं। मेरठ जनपद के सिवालखास क्षेत्र के कुसैड़ी गांव निवासी गौरव चौधरी राजनीति में आने से पहले लंबे समय तक जर्मनी में रहे, जहां उन्होंने कंस्ट्रक्शन और इंपोर्ट-एक्सपोर्ट के क्षेत्र में व्यवसाय किया। मैनेजमेंट की पढ़ाई पूरी करने के बाद विदेश में सफल कारोबारी जीवन बिताने वाले गौरव चौधरी ने भारत लौटकर राजनीति का रास्ता चुना और भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित होकर अपनी अलग पहचान बनाई।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि समाजवादी पृष्ठभूमि वाले प्रभावशाली यादव परिवार और भाजपा से जुड़े जाट नेता के बीच यह वैवाहिक संबंध सामाजिक समरसता और बदलते राजनीतिक परिवेश का भी प्रतीक माना जा सकता है। हालांकि दोनों परिवारों ने इस विवाह को पूरी तरह पारिवारिक कार्यक्रम के रूप में रखा।
मोनिका यादव के राजनीतिक जीवन की चर्चा अक्सर उनकी सादगी और जनसंपर्क शैली को लेकर होती रही है। वहीं गौरव चौधरी आधुनिक सोच, शिक्षित नेतृत्व और युवा राजनीति के प्रतिनिधि चेहरे के रूप में देखे जाते हैं। ऐसे में यह वैवाहिक संबंध प्रदेश की राजनीतिक और सामाजिक दुनिया में भी विशेष चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल नवदंपति को शुभकामनाएं देने वालों का सिलसिला लगातार जारी है और सोशल मीडिया पर विवाह की तस्वीरें व्यापक रूप से साझा की जा रही हैं।


