शमशाबाद, फर्रुखाबाद। नगर पंचायत शमशाबाद क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक पशुपालक की बैठक का ताला तोड़कर दो भैंसें चोरी कर लीं। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस को तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत शमशाबाद के मोहल्ला अलेपुर निवासी रशीद खां की घर से कुछ दूरी पर बैठक बनी हुई है, जहां वह रोजाना की तरह अपनी भैंसों को बांधते थे। बताया गया है कि बीती रात किसी समय अज्ञात चोर बैठक के गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और वहां बंधी दो भैंसों को खोलकर ले गए।
घटना की जानकारी उस समय हुई जब सुबह पशुपालक रशीद खां पशुओं को चारा डालने के लिए बैठक पर पहुंचे। गेट का टूटा ताला देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो दोनों भैंसें गायब थीं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और मोहल्ले के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।
पीड़ित ने आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन भैंसों का कोई सुराग नहीं लग सका। पशुपालक के अनुसार चोरी हुई दोनों भैंसों की कीमत लगभग एक लाख अस्सी हजार रुपये बताई जा रही है। घटना से पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
मामले में पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी है। वहीं प्रभारी थानाध्यक्ष शमशाबाद प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्हें अभी तक लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक का ताला तोड़कर दो भैंसें चोरी, पशुपालकों में मचा हड़कंप


