फतेहपुर: जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र में एक युवती के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि मंगेतर के साथ जा रही युवती को तीन युवकों ने रास्ते में बंधक बना लिया और उसके साथ जबरन अभद्रता की। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना 24 अप्रैल की सुबह की बताई जा रही है, जब युवती अपने मंगेतर के साथ बाइक से अपनी बुआ के घर जा रही थी। रास्ते में नौबस्ता चौराहे के पास नहर पुलिया पर रुकने के दौरान तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने दोनों को बंधक बनाकर युवती के साथ जबरदस्ती की और मोबाइल से वीडियो भी बनाया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके मंगेतर से ऑनलाइन 2,500 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर भी कराए। युवती ने आरोप लगाया है कि इस दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि प्रारंभिक स्तर पर थाना स्तर पर लापरवाही सामने आई, जिसके चलते संबंधित थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों—युवराज और ललित—को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं तीसरा आरोपी बबलू ठाकुर फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
इस मामले में राजनीतिक एंगल भी सामने आया है, क्योंकि फरार आरोपी के एक राजनीतिक दल से जुड़े होने की चर्चा है। हालांकि स्थानीय पार्टी पदाधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है और कहा है कि तथ्य सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


