कन्नौज। खैरनगर स्थित नॉर्थ स्टार विद्यालय परिसर में गुरुवार को ‘अरुण–शशि आत्म मिलन दिवस’ के अवसर पर भावपूर्ण पारिवारिक स्मृति समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने अपने माता-पिता, पूर्व डीजीपी श्रीराम अरुण और उनकी पत्नी शशि अरुण की पुण्य स्मृति में पूजा-अर्चना एवं हवन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर असीम अरुण ने कहा कि 2 जुलाई उनके परिवार के लिए अत्यंत भावनात्मक दिन है। इसी दिन उनके पिता का जन्मदिन होता है और संयोगवश इसी तिथि को उनकी माता का निधन हुआ था। उन्होंने कहा कि माता-पिता केवल परिवार की नींव नहीं होते, बल्कि उनके दिए संस्कार और जीवन मूल्य पूरी जिंदगी मार्गदर्शन करते हैं।
उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता ने ईमानदारी, सेवा, शिक्षा और संस्कार को सदैव सर्वोच्च स्थान दिया। उन्हीं आदर्शों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह स्मृति समारोह आयोजित किया जाता है, ताकि नई पीढ़ी भी इन मूल्यों से प्रेरणा ले सके।
राज्यमंत्री ने बताया कि नॉर्थ स्टार विद्यालय उनके माता-पिता का सपना था। विद्यालय में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है और यह संस्थान उनके सेवा, समर्पण तथा शिक्षा के मूल्यों को आगे बढ़ाने का कार्य निरंतर कर रहा है।
समारोह में परिजनों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं गणमान्य लोगों ने भी स्वर्गीय श्रीराम अरुण और शशि अरुण को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।


