44.5 C
Lucknow
Wednesday, June 10, 2026

मैरिज एनिवर्सरी से लौट रहे परिवार पर टूटा कहर, सड़क हादसे में मां-बेटे और मासूम बच्ची की मौत

Must read

 

बाराबंकी, 10 जून। कोतवाली देवा क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा देवा-चिनहट मार्ग पर गोपालपुर मोड़ के पास रात करीब साढ़े 12 बजे हुआ, जहां मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने टक्कर हो गई।

पुलिस के अनुसार मालिकसंड देवगांव निवासी 25 वर्षीय ब्रजेंद्र कुमार अपनी मां सुधा देवी (50) और छह वर्षीय बच्ची नैना के साथ एक मैरिज एनिवर्सरी समारोह से बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोपालपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवा पहुंचाया गया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. नीरज ग्रोवर ने ब्रजेंद्र कुमार और उनकी मां सुधा देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल मासूम नैना को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

एक ही हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ब्रजेंद्र की बहन शव से लिपटकर बिलखती रही। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और लोगों की आंखें नम हो गईं।

अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक रोहित शुक्ला ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है। एक खुशी के कार्यक्रम से लौट रहा परिवार कुछ ही पलों में काल के गाल में समा गया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article